नई दिल्ली । महाराष्ट्र में इस सप्ताह के दौरान मुंबई तथा राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया जा रहा है, जिसे लेकर र...
नई दिल्ली । महाराष्ट्र में इस सप्ताह के दौरान मुंबई तथा राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया जा रहा है, जिसे लेकर राज्य सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने किसी अनहोनी से निपटने के लिए राज्य प्रशासन को मुस्तैद रहने का आदेश दिया है। महाराष्ट्र के अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और मणिपुर जैसे राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो मानसून देश के कई हिस्सों से पार होते हुए मध्य अरब सागर में भी आगे बढ़ रहा है , जिसमें महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के अधिक हिस्से शामिल हैं। यह अगले तीन-चार दिनों में समूचे पूर्वी राज्यों और बंगाल की खाड़ी से लगे क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएगा। उत्तरी क्षेत्र में भी इसके समय से पहुंचने की संभावना है।
मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने ट्वीट किया कि क्षेत्र में अगले पांच दिन में मौसम बिगड़ने की कई चेतावनी दी गई है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 10 जून से अधिक बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने रविवार को कहा था कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून और आगे बढ़ते हुए अपनी सामान्य तिथि से चार दिन बाद पूरे पूर्वोत्तर भारत में पहुंच गया है।
दक्षिण पश्चिम मॉनसून ने दो दिन की देरी से तीन जून को केरल में दस्तक दी थी, जिसके साथ ही चार महीने तक चलने वाला मॉनसून का सीजन शुरू हो गया। तीन दिन के दौरान यह पूरे केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के हिस्सों में पहुंच गया । विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के और अधिक भागों, महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, पूरे कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ और भागों, पूरे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ा है।
.jpg)



No comments